यूक्रेन में रूसी सेना की बमबारी में भारतीय छात्र की मौत, एक अन्य जख्मी
PG कोर्स में अंतिम वर्ष की मेडिकल छात्रा पूजा प्रहराज ने कहा, "वह सिर्फ खाना लेने के लिए बाहर गया था... होस्टल में रहने वाले अन्य बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था हम करते हैं, लेकिन वह गवर्नर के आवास के पीछे एक फ्लैट में रहा करता था... वह एक घंटे से भी ज़्यादा वक्त से लाइन में खड़ा था, तभी हवाई हमला हुआ, जिसमें गवर्नर हाउस उड़ा दिया गया और वह भी मारा गया..." पूजा ने बताया, मारे गए छात्र का फोन मिलाए जाने पर एक यूक्रेनी महिला ने जवाब दिया. उसने कहा, "जिनका यह फोन है, उन्हें इस वक्त मोर्ग (मुर्दाघर) में ले जाया जा रहा है..." नवीन के साथी श्रीधरन गोपालकृष्णन ने बताया, 'नवीन की यूक्रेनियन समय के अनुसार सुबह 10.30 बजे मौत हुई. वह ग्रॉसरी (किराना) शॉप के बाहर लाइन में खड़ा था तभी रूसी सेना की लोगों पर की गई गोलीबारी में मारा गया. हमें उसके शव के बारे में जानकारी नहीं है. हममें से कोई भी अस्पताल जाने की स्थिति में नहीं है, जहां संभवत: इसे रखा गया होगा.' यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव के वीडियो में रूसी सैन्य हमले से हुई व्यापक क्षति को दिखाया गया है....